जम्मू। प्रदेश की प्रमुख अनाज मंडी वेयर हाउस और कनक मंडी में शनिवार से दो दिन के लिए वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान दवा की दुकानों को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। वेयर हाउस में सैनिटाइज करवाया जाएगा। दोनों स्थानों पर वीकेंड लॉकडाउन का फैसला संबंधित एसोसिएशनों ने खुद अपने स्तर पर लिया है। इसके साथ अन्य कई एसोसिएशनों की ओर से भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए वीकेंड लॉकडाउन की मांग की जाने लगी है।
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के महासचिव दीपक गुप्ता ने कहा कि वेयर हाउस में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में यहां कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बना रहता है। वेयर हाउस में रैपिड टेस्टिंग में दर्जनों लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिले में भी कोरोना संक्रमण का तेजी से प्रसार हो रहा है। जिससे व्यापारियों, ग्राहकों और अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वीकेंड लॉकडाउन का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी होती है तो लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाया जा सकता है।
कनक मंडी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान अनूप मित्तल का कहना है कि शनिवार और रविवार को बाजार में वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। वहीं, सराफा एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार वर्मा ने कहा कि वीकेंड लॉकडाउन से बाजारों के बंद रहने पर कोरोना संक्रमण के प्रसार को कुछ हद तक कम किया जा सकता है। जिला प्रशासन को चाहिए कि पूरे जिले में दोबारा लॉकडाउन की व्यवस्था को शुरू किया जाए। राज तिलक रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान विमल गुप्ता ने कहा कि मौजूदा कोविड हालात में वीकेंड लॉकडाउन जरूरी है। इसके साथ बाजारों में कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करवाया जाए।
जिले में रैपिड टेस्टिंग में 237 संक्रमित
जम्मू। जिले में शुक्रवार को रैपिड टेस्टिंग के दौरान 237 लोग संक्रमित मिले। इसमें गांधीनगर अस्पताल में 21, साइकाइटरी अस्पताल में 12, एसडीएच जगती में 3, ब्लाक अखनूर में 12, ब्लाक बिश्नाह में 7, ब्लाक डंसाल में 2, ब्लाक कोटभलवाल में 7, ब्लाक मढ़ में 2, ब्लाक प्लांवाला में 12, ब्लाक आरएस पुरा में 11, ब्लाक सुआजना में 5, मोबाइल वैन सैंपलिंग में 12, अर्बन लक्षय टेस्टिंग में 126, कांट्रेक्ट ट्रेसिंग में 5 लोग संक्रमित मिले। इसके अलावा एयरपोर्ट जम्मू पर 4 लोग संक्रमित मिले हैं।