जम्मू। पुराने शहर के विभिन्न इलाकों को कोरोना संक्रमण अपनी गिरफ्त में लेता जा रहा है। शहर के जुल्लाका मोहल्ला में तीन और लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इसी मोहल्ले से पहले भी कई लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें कइयों को होम क्वारंटीन किया गया था। नए संक्रमित मामले आने के कारण इस इलाके के रेड जोन बनने के आसार हैं। रानी पार्क इलाके में दो दिन पहले एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई थी।
इसी तरह शहर के अन्य हिस्सों में भी नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। जिला जम्मू में वीरवार को 49 लोग संक्रमित हुए, जिसमें 25 ट्रैवलर और 24 अन्य वर्ग से हैं। अन्य वर्ग के मामलों में सतवारी से एक गर्भवती महिला शामिल है। इसमें 21 मामले पूर्व के संक्रमित मामलों के संपर्क में आने से पीड़ित हुए हैं। इसमें कनक मंडी से 2, सैनिक कालोनी से 1, क्रिश्चियन कालोनी से 1, तालाब तिल्लो से 1, भगवती नगर से 2 मामले शामिल हैं। शहर के अधिकांश हिस्सों में कोरोना संक्रमण अपनी दस्तक दे चुका है। इसके अलावा डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी लगातार संक्रमित हो रहा है। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर रेपिड एंटीजेन टेस्ट शुरू करने से यात्रियों को राहत मिलने के साथ टेस्ट की क्षमता बढ़ी है।
फुल ड्रेस रिहर्सल करने वाले 65 के रेपिड टेस्ट
जम्मू। परेड में वीरवार को हुई स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल परेड में शामिल 65 लोगों के रेपिड एंटीजेन टेस्ट किए गए। इनमें से कोई भी पाजिटिव मामला न आने से राहत रही। सभी सदस्य परेड में शामिल हो सकेंगे।