जम्मू। कोरोना संक्रमण से प्रदेश में मौतों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को जिला जम्मू में दो और कश्मीर में 10 और लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ प्रदेश में मौतों का आंकड़ा 490 पहुंच गया है। इसमें कश्मीर से ही 453 मामले हैं। इस बीच जम्मू कश्मीर में 564 नए संक्रमित मामले आए, इसमें जम्मू संभाग से 133 और कश्मीर संभाग से 431 मामले हैं।
जम्मू के रेशम घर कॉलोनी निवासी एक 62 वर्षीय महिला की जीएमसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे गत 9 अगस्त को भर्ती किया गया था, लेकिन उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। योगी गेट पर उसका प्रोटोकाल के तहत अंतिम संस्कार किया गया। पुराने शहर के पक्का डंगा निवासी 57 वर्षीय व्यक्ति को जीएमसी में गत रात मृत अवस्था में लाया गया। मंगलवार को उसके कोविट टेस्ट में संक्रमित होने की पुष्टि हुई। जिला जम्मू में 72 लोग संक्रमित हुए, जिसमें 42 ट्रैवलर और 30 अन्य वर्ग के मामले हैं। इसके अलावा श्रीनगर से 90, बारामुला से 53, पुलवामा से 37, कुलगाम से 23, शोपियां से 2, अनंतनाग से 42, बडगाम से 39, कुपवाड़ा से 33, बांदीपोरा से 67, गांदरबल से 45, राजोरी से 4, रामबन से 6, कठुआ से 10, उधमपुर से 6, सांबा से 7, डोडा से 2, पुंछ से 14, रियासी से 7 और किश्तवाड़ से 5 मामले हैं। प्रदेश में नए संक्रमित 564 मामलों में से 88 ट्रैवलर और 476 अन्य वर्ग के हैं।
604 मरीज स्वस्थ
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में मंगलवार को 604 संक्रमित मरीज ठीक होकर घरों को चले गए। इसमें जम्मू संभाग से 149 और कश्मीर संभाग से 455 मरीज हैं। अब तक प्रदेश में 17979 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 4005 और कश्मीर से 13974 मामले हैं।
3184 लोगों को निगरानी में लिया गया
जम्मू कश्मीर में मंगलवार को कोरोना के 3184 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विभिन्न यात्राओं से जुड़े मामलों में 398400 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। इसमें 40902 को घर पर क्वारंटीन, 7462 को आइसोलेशन, 49355 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया। इनमें 300191 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 738203 सैंपलों में से 712272 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुल 25931 संक्रमित मरीजों में से 7462 सक्रिय हैं। जिसमें जम्मू संभाग से 1804 और कश्मीर संभाग से 5658 मामले हैं।