आज से दो दिन बंद रहेगा वेयर हाउस
जम्मू। कोविड की तीसरी लहर की आशंका के बीच जम्मू-कश्मीर की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस में शनिवार से दो दिवसीय वीकेंड लाकडाउन रहेगा। इस दौरान सभी थोक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इस हफ्ते लगातार तीसरी बार वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के पदाधिकारियों ने स्वैच्छिक तौर पर वेयर हाउस को दो दिन बंद रखने का फैसला किया है।
फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि वेयर हाउस में तीन हफ्ते तक वीकेंड लाकडाउन की घोषणा की गई थी। अगले मंगलवार को फेडरेशन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार को गंभीरता से अमल में लाना बहुत जरूरी है। दूसरी लहर में सैकड़ों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। वेयर हाउस में नियमित रूप से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए श्रमिकों, कर्मचारियों और व्यापारियों की सेहत पर खास ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
युवक की मौत मामले में पुलिस ने चिकित्सा रिकॉर्ड खंगाला
धारा 174 के तहत मामला दर्ज, परिवारवालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। छन्नी हिम्मत स्थित एक निजी अस्पताल में डायरेक्टर रेवेन्यू इंटेलीजेंस में कार्यरत इंटेलीजेंस अफसर की मौत के मामले में स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार को अस्पताल में मृतक को दिए उपचार से संबंधित रिकार्ड खंगाला। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में परिवारवालों का आरोप है कि हिमांशु शर्मा (31) निवासी सैनिक कालोनी (मूल निवासी पटियाला पंजाब) की मौत डॉक्टरों दारा इलाज में की गई लापरवाही के कारण हुई है।
परिवारवालों का आरोप है कि हिमांशु को सिर्फ पेट दर्द की शिकायत थी, लेकिन डॉक्टरों द्वारा गलत इंजेक्शन देने से उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि अस्पताल में मृतक को दी गई चिकित्सा से संबंधित रिकार्ड को देखा गया है। इस मामले में परिवार वालों से बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस की देखरेख में गत दिवस ही जीएमसी जम्मू में मृतक का डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया था। इसमें पोस्टमार्टम की मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सा रिकॉर्ड की जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
-------------------
विधानसभा चुनाव के लिए निष्पक्ष परिसीमन प्रक्रिया सुनिश्चित करें
जम्मू। काग्रेस के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला ने जम्मू कश्मीर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परिसीमन अभ्यास करने की वकालत करते हुए कहा कि जल्द से जल्द विधानसभा चुनाव का मार्ग प्रशस्त करने के लिए प्रक्रिया को कम से कम समय में पूरा किया जाए। पार्टी समयबद्ध परिसीमन और जम्मू कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव के संचालन के लिए प्रक्रिया को पूरा करने का समर्थन करती है। परिसीमन अभ्यास संविधान, कानून के तहत निर्धारित मानदंडों और प्रक्रिया के अनुसार जनसंख्या, क्षेत्र, इलाके आदि बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। भाजपा सरकार को इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करवाना चाहिए। गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र के प्रमुख लोगों से चर्चा करते हुए भल्ला ने कहा कि निहित राजनीतिक हितों के लिए भाजपा की मंशा पर संदेह है। सत्तारूढ़ दल के नेता चुनिंदा लाभों की तलाश कर रहे हैं।
-----------
कांग्रेस ने जम्मू के लिए पांच विधानसभा सीटें मांगी
जम्मू। जिला कांग्रेस कमेटी (डीडीसी) जम्मू ग्रामीण के प्रधान हरि सिंह चिब के नेतृत्व में जिला जम्मू ग्रामीण व शहरी कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने परिसीमन आयोग से मुलाकात कर जम्मू में पांच अतिरिक्त विधानसभा सीटें देने की मांग की। विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए महिला उम्मीदवारों के पक्ष में आरक्षण के अलावा ओबीसी आबादी और पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों सहित 1947, 1965 और 1971 के विस्थापितों के लिए आरक्षण मांगा। इसके साथ सिख समुदाय और एसटी आबादी के लिए भी आरक्षण की मांग की। जम्मू की आबादी बीस लाख से अधिक है। कश्मीर के नागरिकों ने जम्मू शहर के विभिन्न हिस्सों में अपने आवासीय घरों का निर्माण किया है। दूसरे राज्यों से लोग यहां बसे हैं, ऐसे में विस सीटों को बढ़ाया जाए। शिष्टमंडल में डॉ. रमाकांत खजूरिया, रवींद्र सिंह, राजेंद्र कुमार शामिल रहे।
----------
वीरपुर औद्योगिक परिसर में बिजली संकट
जम्मू। वीरपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन बाड़ी ब्राह्मणा ने वीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में नियमित बिजली कटौती पर रोष जताया है। लो वोल्टेज के अलावा दिन में 15-20 बार बिजली कट और ट्रिपिंग हो रही है। एसोसिएशन के महासचिव गगन जैन ने बताया कि बिजली संकट से उत्पादन क्षमता पर असर पड़ा है। खासतौर पर प्लास्टिक इकाइयों को अधिक आर्थिक नुकसान हो रहा है। डीजी सेट चलाने पर अधिक खर्च हो रहा है, जिसे छोटी इकाइयां वहन नहीं कर सकती हैं।
------------
जम्मू कश्मीर में मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू करें
जम्मू। नेकां ओबीसी सेल ने जम्मू कश्मीर में मंडल आयोग की रिपोर्ट को लागू करके समाज के कमजोर वर्ग, विशेषकर अन्य पिछड़े वर्ग को राहत देने की मांग की है। सेल के सह चेयपर्सन अब्दुल गनी तेली ने कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि समाज में ओबीसी वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की गति धीमी रही है, जिस पर उपराज्यपाल प्रशासन को प्राथमिकता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए उचित कदम उठाए थे। उन्होंने विभिन्न फैसले लेने वाले निकायों और निगमों में ओबीसी सदस्यों को भी प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया। इस दौरान अशोक कुमार, शाहिद मोहम्मद, मोनू कुमार आदि मौजूद रहे।