जम्मू- कश्मीर में कोरोना की दूसरी लहर का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चौबीस घंटे में प्रदेश में 517 नए संक्रमित मामले मिले हैं, जो दिसंबर 2020 के बाद एक दिन में सर्वाधिक हैं। इस बीच पांच कोरोना संक्रमितों की मौत के साथ प्रदेश में मरने वालों का आकंड़ा 2003 तक पहुंच गया है। मरने वालों में चार कश्मीर व एक जम्मू संभाग से हैं। सक्रिय मामले 3215 पहुंच गए हैं।
श्रीनगर जिले में कोविड संक्रमण का प्रसार तेजी से हो रहा है। यहां एक ही दिन में सर्वाधिक 173 नए मामले मिले हैं, इसमें 46 यात्री हैं। जिले में अब तक 473 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है। जम्मू जिले में 62 नए संक्रमित मामले मिले हैं, इसमें 14 यात्री हैं। जिले में अब तक 381 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।
कठुआ में 14 नए संक्रमित मामले मिले हैं। प्रदेश के सभी बीस जिले संक्रमण की चपेट में हैं। प्रदेश में सबसे अधिक जिला श्रीनगर में 1257 सक्रिय मामले हैं।इसके अलावा बारामुला में 484, बड़गाम में 260 और जम्मू में 542 मामले सक्रिय हैं। इस बीच प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 171 संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कोरोना संक्रमित फारूक अब्दुल्ला पहुंचे अस्पताल, बेटे उमर ने ट्वीट कर दी जानकारी
परीक्षा केंद्रों वाले स्कूलों में नहीं चलेंगी ऑफ लाइन क्लासें
शिक्षा विभाग के प्रशासनिक सचिव बीके सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जहां पर दसवीं, 11वीं और 12वीं की परीक्षाएं चल रहे हैं। ऐसे परीक्षा केंद्र में स्कूलों में ऑफ लाइन कक्षाएं नहीं ली जाएं। इससे परीक्षाओं को पारदर्शिता से पूर्ण करवाया जा सकेगा।