परगवाल। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए परगवाल प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को नायब तहसीलदार संसार सिंह की देखरेख में चौकी प्रभारी ओमप्रकाश शर्मा ने मुख्य बाजार में हर आने-जाने वालों से पूछताछ की। बिना वजह घूमने वालों को चेतावनी देकर छोड़ा। उन्होंने कहा कि बिना मास्क, सामाजिक दूरी, बिना वजह कोईघूमता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार संसार सिंह ने दुकानदारों से कहा कि वह भी सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर इस महामारी को खत्म करने में योगदान दें। उन्होंने लोगों से प्रशासन के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए कहा। संवाद
खौड़ प्रशासन की अच्छी पहल, नाका लगा किए टेस्ट
ज्यौड़ियां। कोविड-19 के बढ़ते मामले के मद्देनजर बुधवार को तहसीलदार खौड़ सुदेश कुमार शर्मा और थाना प्रभारी बलविंदर सिंह भाऊ की उपस्थिति में पुलिस नाके पर अस्थायी आरएटी केंद्र स्थापित कर जाने वाले लोगों के कोरोना टेस्ट किए। इस मौके पर सीएचसी के स्टाफ ने सहयोग दिया। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कुल 75 लोगों का टेस्ट किया गया, जिसमें से 11 पॉजिटिव पाए गए।
जानकारी के अनुसार प्रशासन की तरफ से चलाई गई इस मुहिम के लिए उपायुक्त का आदेश है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की कोरोना जांच की जाए। उसी के आधार पर तहसीलदार की तरफ से पुलिस के सहयोग से लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए।
इस विषय में तहसील ने बताया कि क्षेत्र के सभी निवासियों से अनुरोध है कि वे अपने निकटतम कोरोना टेस्ट केंद्रों में पहुंच कर जांच कराएं, जो लोग हाल ही में विवाह, सत्संग और अन्य सामाजिक समारोहों में शामिल हुए हैं, वे संक्रमण की चपेट में हैं। कोविड -19 के लक्षणों वाले लोगों को परीक्षण के लिए आना चाहिए ताकि आपके परिवार और दोस्तों के अन्य सदस्य किसी भी अप्रिय परिणाम के मामले में सावधानी बरत सकें।
एसडीएम ने दिए टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश
अखनूर। एसडीएम चांद किशोर शर्मा ने बुधवार को कस्बे ज्यौड़िया सहित अन्य क्षेत्रों में दौरा करके कोविड-19 और लॉकडाउन कर्फ्यू की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में टेस्टिंग बढ़ाने के लिए दो सेंटर बनाने के निर्देश जारी किए हैं।
एसडीएम चांद किशोर शर्मा ने तहसीलदार विशाल शर्मा के साथ मिलकर ज्यौड़िया कस्बे के बाजारों में लॉकडाउन कर्फ्यू की समीक्षा की और लोगों से नियमों का पालन करने का आग्रह किया। इस पर एसडीएम ने कस्बे ज्यौड़िया और अखनूर उप जिला अस्पताल में अतिरिक्त रैपिड टेस्ट सेंटर बनाने के लिए दिशा निर्देश भी जारी किए। अब उप जिले में हर रोज पांच सौ टेस्टिंग की जाएंगी। चांद किशोर शर्मा ने बताया कि अखनूर में कस्बे के हायर सेकंड्री स्कूल में एक मात्र सेंटर पर ही रैपिड टेस्ट किया जाते थे। अब ज्यौड़िया और अखनूर अस्पताल में दो अतिरिक्त टेस्ट सेंटर खोले जाएंगे, जिस पर क्षेत्र में रोज पांच सौ लोगों की टेस्टिंग का लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लॉकडाउन कर्फ्यू का पालन करें। नियमों का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की जाएगी।