कन्हैया वधवान (103) और मुसैफ अजाज (153) की शतकीय पारियों व गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बल पर कूच बिहार ट्रॉफी में इस बार जेएंडके ने जीत हासिल की। लगातार दो मैच में मिली हार के बाद टीम ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए मेजबान ओडिशा को 174 रनों से हराया।
रावेनशॉ यूनिवर्सिटी ग्राउंड कटक में हुए मुकाबले में ओडिशा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। जेएंडके ने बल्लेबाजी की। पहली पारी में यावर हसन की 83 और धर्व सिंह परमार की 50 रन की पारी के दम पर टीम ने 256 रन जोड़े।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा की टीम 97 रन पर ही ढेर हो गई। गेंदबाजी में अभय टंडन ने चार जबकि मुर्तवन ने तीन विकेट झटके। पहली पारी के आधार पर 159 की बढ़त के साथ खेलने उतरी जेंडके की टीम ने कप्तान कन्हैया वधवान और मुसैफ अजाज के शतक के बल पर 350 रन पारी घोषित की और मेजबान को 509 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओडिशा की टीम 335 पर सिमट गई और जेएंडके ने 174 रन से जीत हासिल की। दूसरी पारी में भी ध्रुव ने चार, अभय और बासित ने दो-दो विकेट झटके। मैच में अभय ने आठ विकेट हासिल किए। अब शुक्रवार से टीम का मुकाबला जीजीएम साइंस कॉलेज मैदान पर बड़ोदा के साथ होगा।