उपभोक्ता मामलों एवं जन वितरण विभाग के मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने रविवार को विभाग की 24 घंटे खुली रहने वाली हेल्पलाइन सेवा का उद्घाटन किया। उपभोक्ता एवं जन वितरण विभाग जम्मू निदेशालय में शुरू हुई हेल्पलाइन सेवा में उपभोक्ता 18001807011 या 1967 पर डायल कर अपनी शिकायत या समस्या को दर्ज करवा सकते हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा विभाग का उपभोक्ता और आईटी सेल चार स्तर पर काम करेगा। पहले शिकायत विभाग के सहायक निदेशक स्तर के अधिकारी के पास पहुंचेगी। यदि सात दिनों में समस्या का यहां हल न हुआ तो शिकायत सीधे निदेशक के पास ट्रांसफर हो जाएगी।
यदि इस स्तर पर भी 14 दिनों में समस्या हल न हुई तो शिकायत सीधे विभाग के सचिव के पास पहुंचेगी। इसके बाद शिकायत मंत्री के पास आएगी ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा महंगाई, राशन कार्डों के वितरण, राशन की गुणवत्ता, राशन वितरण में देरी सहित विभाग से संबंधित अन्य सभी मुद्दों पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
उन्होंने कहा विभाग के योजना उप निदेशक मोहम्मद इकबाल जरगर को शिकायत सेल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मंत्री ने इस अवसर निदेशालय के विभिन्न सेक्शन का दौरा कर निदेशक को विभाग की विभिन्न योजनाओं, राशन की स्थिति व रेट को प्रदर्शित करने वाले नोटिस बोर्ड लगाने के निर्देश जारी किए।
इसके बाद मंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर जम्मू में लीगल मेट्रोलाजी विभाग की सेकेंडरी स्टैंडर्ड लैब और वर्किंग स्टैंडर्ड लैब का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर सीएपीडी विभाग के निदेशक जीएस चिब, संयुक्त निदेशक मंसूर असलम, उप निदेशक के सईद खान आदि मौजूद रहे।