राजपुरा से सारथी पुल की रेलिंग के मरम्मत की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
घगवाल। राजपुरा-सारथी मार्ग पर बने पुल की सुरक्षा दीवार के गिर जाने से लोगों को आने जाने में परेशानी बनी है। स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि बरसात से पहले ही उसकी मरम्मत कराई जाए।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष शर्मा, राज कुमार, तरसेम लाल, बुआ दित्ता आदि ने बताया कि राजपुरा-सारथी मार्ग पर पड़ने वाले बबर नाले पर बने पुल की सुरक्षा दीवार बारिश में गिर गई थी, जिसकी आज तक मरम्मत नही की गई है। राजपुरा से सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर जाने वाला यही मार्ग है। यदि बरसात से पहले इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो बरसात में मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका बनी है। उन्होंने बताया कि इस बाबत गत दिनों चचवाल में ब्लॉक दिवस में उपायुक्त अनुराधा गुप्ता को भी अवगत कराया था, लेकिन आज तक उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि बरसात से पहले पुल की सुरक्षा दीवार की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो।