हिजबुल मुजाहिद्दीन में शामिल हुआ कांस्टेबल
- फोटो : डेमो फोटो
बडगाम जिले में चार राइफल लेकर भागा जम्मू कश्मीर पुलिस का कांस्टेबल हिजबुल मुजाहिदीन आतंकी संगठन में शामिल हो गया है। बीते शनिवार को कांस्टेबल सईद नवीद मुश्ताक बडगाम के चंदपोरा स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम की सुरक्षा में स्थापित चौकी में तैनात था।
उसी दिन वह अपनी और चौकी में तैनात अपने तीन अन्य साथियों की कुल चार इंसास राइफल, मैगजीन और कारतूस लेकर फरार हो गया। कांस्टेबल का बेल्ट नंबर 182 था। आरोपी नवीद दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके साथ तैनात तीन अन्य पुलिस कर्मियों को भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया था।
सुरक्षा एजेंसियों से जानकारी मिली है कि राइफल और कारतूस लेकर भागा आरोपी कांस्टेबल आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है। इस साल यह किसी भी पुलिस कर्मी के हथियारों सहित फरार होकर आतंकी संगठन में शामिल होने की पहली घटना है।
जिस दिन कांस्टेबल पुलिस के हथियार लेकर फरार हुआ था, उसी दिन इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया था। उसके द्वारा किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कांस्टेबल की तलाश में कई जगह छापेमारी कर रही है। उसके परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी कांस्टेबल का पता नहीं चल पाया है।