कश्मीर घाटी में आतंकवादियों के द्वारा किसी बड़ी साजिश रचे जाने की आशंका जताई जा रही है। पिछले दिनों कुछ मोबाइल मैसेजेस और व्हाट्सअप के जरिए ट्रेस हुए मैसेजों के आधार पर इंटेलिजेंस एजेंसियों को इस बात के इनपुट मिलने की बात कही जा रही है कि कश्मीर घाटी में किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान को पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार खुफिया एजेंसियों को इस बात की आशंका है कि पाकिस्तान की ओर से कुपवाड़ा जिले से लगने वाली एलओसी के रास्ते कुछ पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ हो सकती है जो कि उत्तरी कश्मीर के किसी सैन्य प्रतिष्ठान या अर्धसैनिक बलों के कैंप को निशाना बना सकते हैं।
इसके साथ ही इस बात की भी आशंका है कि दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में स्थानीय आतंकियों द्वारा नेशनल हाइवे पर किसी हमले साजिश भी रची गई है। इन इनपुट्स के बाद एक ओर जहां एलओसी पर तैनात सुरक्षाबलों को सक्रिय किया गया है वहीं सैन्य ठिकानों की भी सुरक्षा कड़ी की गई है। साथ ही दक्षिण कश्मीर में सीआरपीएफ और पुलिस की रोड ओपनिंग पार्टियों को भी पूरी सतर्कता से पेट्रोलिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं।