अनंतनाग में लगे देश विरोधी नारे
- फोटो : ANI
अनंतनाग लोकसभा चुनाव टाले जाने से नेकां और कांग्रेस गुस्से में हैं। कांग्रेस ने चेताया है कि राज्य में राज्यपाल शासन लागू होने या रियासती सरकार की बर्खास्तगी होने तक पार्टी चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। इस संबंध में दोनों पार्टियों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी अनंतनाग को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डीसी दफ्तर में लोकतंत्र विरोधी नारेबाजी की।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तथा कांग्रेस-नेकां के संयुक्त प्रत्याशी जीए मीर ने पत्रकारों को बताया कि अब सरकार तथा चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं रह गया है। चुनाव टालने से पहले पूछा तक नहीं गया। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी कांग्रेस और नेकां ने साफ तौर पर कहा था कि चुनाव तय समय पर ही कराए जाने चाहिए। उनकी राय को तवज्जो न देते हुए एक पार्टी की मांग पर चुनाव टाल दिए गए।
उन्होंने कहा कि पहले भी कहा गया था कि घाटी में हालात सामान्य नहीं है। इस वजह से फिलहाल चुनाव नहीं कराया जाना चाहिए, लेकिन तब तो बात सुनी नहीं गई और चुनाव की घोषणा कर दी गई। अब ऐन मौके पर चुनाव टालने का फैसला किया गया। यह लोकतंत्र के साथ मजाक है, जबकि अवाम चुनाव के पक्ष में है। प्रतिनिधिमंडल में विधायक अल्ताफ कल्लू, मजीद लारमी, उस्मान मजीद, चौधरी अकरम, ताज मोहिउद्दीन, एमएलसी बशीर वीरी, शकीना इट्टू आदि शामिल रहे।