गोलाबारी में घायल लोगों से मिलने पहुंचे आजाद
- फोटो : Amar Ujala
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की गोलाबारी से हुए जानमाल के नुकसान पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा साल 2014 का लोकसभा चुनाव मोदी ने फौज के नाम पर जीता। सत्ता में आने के बाद फौज और सीमावर्ती लोगों को मोदी सरकार भूल गई।
पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलाबारी में सीमावर्ती लोगों को जानी और माली भारी नुकसान हुआ है। न उनका कोई मोदी सरकार की तरफ से दर्द बांटने आया और न ही उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने के प्रबंध किए गए हैं। वीरवार को सांबा जिले के सीमावर्ती गांवों व राहत शिविरों का दौरा करने के दौरान आजाद ने कुछ इस तरीके से मोदी सरकार पर निशाना साधा।
आजाद ने कहा पाकिस्तान सरकार और उसकी फौज का दिमाग खराब हो चुका है। सीमांत इलाकों में गोलाबारी से जितना जानी और माली नुकसान अब हो रहा है, इतना कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कांग्रेस की अब न तो राज्य में सरकार है और न ही केंद्र में, ऐसे में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका सक्षम तरीके से निभाएगी।
संसद सत्र में मसला उठाएगी कांग्रेस
सीमांत ग्रामीणों से मिले आजाद
- फोटो : Amar Ujala
गुलाम नबी आजाद ने कहा सीमा पर तनाव के चलते सरहदी इलाकों के लोगों की सुरक्षा को सरकार को प्राथमिकता देनी चाहिए। आजाद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ सांबा जिले के सीमा से सटे गांव रंगूर कैंप, स्वांखा राहत शिविर और रामगढ़ में सत्संग भवन परिसर में ठहरे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि इसी महीने शुरू हो रहे संसद सत्र में कांग्रेस सीमावर्ती इलाकों के लोगों की समस्याओं को जोरशोर से उठाएगी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कांग्रेस विभिन्न सवालों का जवाब मांगेंगी।
इनमें पाक की गोलाबारी में भारतीय क्षेत्र में भारी नुकसान, बच्चों की शिक्षा का नुकसान, शून्य रेखा के करीब रहने वाले लोगों की सुरक्षा का प्रबंध न होना व पर्याप्त मुआवजा जारी न करने, घायलों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा न मिलने जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे जाएंगे।
गोलाबारी के घायलों का हालचाल जाना
अस्पताल में भर्ती घायलों का जाना हाल
- फोटो : Amar Ujala
गुलाम नबी आजाद ने वीरवार सुबह जम्मू पहुंचकर राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल का दौरा कर पाकिस्तान की गोलाबारी से घायल सरहदी इलाकों के लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान आजाद ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों को बेहतर उपचार मुहैया करवाने की हिदायत भी दी।
आजाद ने सीमांत ग्रामीणो से उनकी समस्याओं के विषय में भी बातचीत की। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शाम लाल शर्मा, तारा चंद,रमण भल्ला, मंजीत सिंह, डा. मनोहर लाल शर्मा, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा,नम्रता शर्मा आदि भी मौजूद रहे।