जम्मू। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा ने उपराज्यपाल प्रशासन से जम्मू-कश्मीर में 7000 से अधिक प्रशिक्षित बेरोजगार डेंटल सर्जनों के रोजगार के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2008 से डेंटल सर्जनों की नई नियुक्तियां नहीं की हैं। प्रदेश में 50-60 हजार की आबादी पर एक डेंटल सर्जन है। पार्टी मुख्यालय में सोमवार को डेंटल सर्जन एसोसिएशन के सदस्यों ने शर्मा से मुलाकात कर आंदोलन में समर्थन मांगा।
शर्मा ने कहा कि डब्ल्यूएचओ और आईपीएचएस के मानदंडों के तहत शहरी क्षेत्रों में 7500 और ग्रामीण क्षेत्रों में 10 हजार आबादी पर एक डेंटल सर्जन होना चाहिए, लेकिन प्रदेश में जमीनी स्तर पर ऐसा नहीं है। हर साल सैकड़ों नए डेंटल सर्जन बेरोजगार हो रहे हैं। वर्ष 2014 में भूख हड़ताल के दौरान सरकार ने डेंटल सर्जनों के लिए रोजगार का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों में डॉ. राहुल कौल, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. महक कोहली, डॉ. डिंपल कोतवाल, डॉ. वासु खनोत्रा, डॉ. रिया मजान, डॉ. राही वर्मा, डॉ. अंकिला संग्राल मौजूद रहे। डेंटल सर्जन अंबफला चौक पर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।