जम्मू पहुंचे कांग्रेस सांसद प्रताब सिंह बाजवा ने राफेल सौदा देश का सबसे बड़ा रक्षा घोटाला है, जिससे देश को 41205 करोड़ का नुकसान हुआ है। यह घोटाला सामने आने के बाद देशवासियों को गुमराह किया जा रहा है।
राफेल मामले में मोदी सरकार और भाजपा को घेरने की देशव्यापी मुहिम के तहत रविवार को जम्मू पहुंचे बाजवा ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय 12 दिसंबर 2012 को अंतरराष्ट्रीय बोली के तहत 126 राफेल प्लेन की कीमत प्रति प्लेन 526 करोड़ थी। मोदी सरकार ने प्रति राफेल जेट प्लेन को 1670 करोड़ में खरीदा है। कांग्रेस इस बारे में मोदी सरकार से जवाब मांग रही है, लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री सीक्रेसी क्लॉज का हवाला देकर देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं।
इसके अलावा केंद्र सरकार ने सार्वजनिक उपक्रम हिंदोस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड से आफ सेट कांट्रेक्ट छीनकर रिलायंस को दिया। रिलायंस को डिफेंस आफ सेट कांट्रेक्ट 30 हजार करोड़ रुपये में और लाइफ साइकिल कांट्रेक्ट एक लाख करोड़ में दिया है। रिलायंस को बिना अनुभव के ठेका दिया गया है। इस बारे में प्रधानमंत्री जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इस कारण प्रधानमंत्री निजी कंपनी रिलायंस को एक लाख तीस हजार करोड़ का कांट्रेक्ट देकर भ्रष्टाचार में भागीदार बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा घोटाले का सच सामने आने तक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने तक कांग्रेस मामले को उठाती रहेगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रमण भल्ला, मूला राम, विधायक जीएम सरूरी, मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा और महासचिव मनमोहन सिंह मौजूद रहे।