जम्मू। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल जम्मू-कश्मीर के पांच दिवसीय दौरे पर शनिवार को पहुंचेंगी। वे यहां रहकर जी-23 के नेता गुलाम नबी आजाद को लेकर पार्टी में चल रही उठापटक से उत्पन्न हालात की जानकारी हासिल करेंगी। प्रदेश भाजपा का एक खेमा आजाद के खिलाफ तो दूसरा पक्ष में है। जम्मू में आजाद के समर्थक व विरोधी गुट दोनों ने प्रदर्शन किया तो कठुआ में प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर की बैठक से आजाद समर्थक माने जाने वाले जिलाध्यक्ष समेत कई नेता गायब रहे थे।
इस बीच प्रदेश प्रभारी के दौरे से पहले पार्टी अध्यक्ष जीए मीर ने श्रीनगर में पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता तारिक हमीद कर्रा से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ढाई घंटे चली बातचीत में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम व संगठनात्मक मामलों पर बातचीत हुई। माना जा रहा है कि पार्टी में उत्पन्न ताजा हालात पर उन्होंने कर्रा का समर्थन मांगा। बैठक के बाद पार्टी की ओर से बयान जारी कर बताया गया कि दोनों नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता तथा भरोसा जताया है। मीर ने जम्मू में जी-23 के नेताओं के पिछले महीने हुए जमावड़े के बाद दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी।
पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को पाटिल पुलवामा में दोपहर साढ़े 12 व श्रीनगर में दोपहर तीन बजे बैठक कर संगठनात्मक मामलों तथा गतिविधियों पर चर्चा करेंगी। अगले दिन रविवार को कुपवाड़ा और बारामुला में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी।