प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. सैफुद्दीन सोज ने कांग्रेस विधायकों से दो मार्च को विधान परिषद की सीटों पर होने वाले मतदान में नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डालने के लिए कहा है।
रविवार को हुई बैठक में बताया गया कि कांग्रेस के 12 विधायकों में चार विधायक रियासत से बाहर हैं। विकार रसूल उमरा के लिए मक्का गए हुए हैं, जबकि तीन विधायक मोहम्मद अमीन भट्ट, उस्मान मजीद और मोहम्मद अकरम कश्मीर से बाहर हैं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय शहीदी चौक में सोज ने कांग्रेस विधायकों से बैठक कर अपील की कि वह विधान परिषद चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस के दो उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करें। इस पर विधायकों ने सोज को पूरा भरोसा दिया है।
सोज ने बताया कि राज्यसभा चुनाव में नेकां ने कांग्रेस उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद का समर्थन किया था, ऐसे में पार्टी र्हाई कमान ने विधान परिषद चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवारों का समर्थन करने का निर्णय लिया है।
बैठक में कांग्रेस के 12 विधायकों में से आठ विधायक नवांग रिगझिन जोरा, गुलाम मोहम्मद सरूरी, एजाज अहमद खान, हाजी अब्दुल रशीद डार, गुलजार अहमद वानी, दिलदान नामग्याल, असगर करबलाई और मुमताज अहमद खान मौजूद थे।