अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि भाजपा अपने राजनीतिक एजेंडा को अलग रखने और केंद्र शासित प्रदेश में आर्थिक संकट, बेरोजगारी को दूर करने समेत विकास से संबंधित अन्य मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए।
कुपवाड़ा जिले के लोलाब क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए पाटिल ने केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार को अपना राजनीतिक एजेंडा अलग रखना चाहिए और जम्मू-कश्मीर में आर्थिक संकट, बेरोजगारी और विकास के अभाव जैसे मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
कहा कि भाजपा सरकार का रवैया केंद्रशासित प्रदेश के लोगों की समस्याओं के प्रति उदासीन है और लोग इससे निराश हैं। कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के ज्यादा प्रावधानों को समाप्त करने के बाद भाजपा नेताओं ने खास तौर पर केंद्र शासित प्रदेश में विकास के लंबे-चौड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया।