हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बयान सियासी घमासान तेज हो गया है। अब घाटी में कांग्रेस नेताओं ने खट्टर पर निशाना साधा है। बता दें कि खट्टर ने शुक्रवार को फतेहाबाद में एक कार्यक्रम में कहा, "अगर लड़कियों की तादाद लड़कों से कम हो तो दिक्कतें हो सकती हैं। हमारे (ओ पी) धनखड़जी ने कहा था कि उन्हें (दुल्हनों को) बिहार से लाना होगा। लेकिन कुछ लोगों ने कहा, कश्मीर खुला है, लिहाजा उन्हें (दुल्हनों को) वहां से लाया जाएगा। लेकिन मजाक से हटकर, सवाल यह है कि अगर अनुपात (लिंग अनुपात) सही रहे तो समाज में संतुलन ठीक रहेगा।"
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर व मुज्जफरनगर के भाजपा विधायक विक्रम सैनी के अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर की बेटियों पर टिप्पणी करने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जम्मू-कश्मीर की बेटियों पर तंज कस रहे हैं, जो शर्मनाक है। हरियाणा के मुख्यमंत्री को तुरंत इस पर माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेताओं को ऐसी बयानबाजी का कोई अधिकार नहीं है।
आरएसएस का प्रशिक्षण एक व्यक्ति की सोच को कैसा बना देता है - राहुल गांधी
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने खट्टर के बयान को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा है। गांधी ने शनिवार को कहा कि यह (खट्टर का बयान) इस बात का प्रमाण है कि आरएसएस का प्रशिक्षण एक व्यक्ति की सोच को कैसा बना देता है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘कश्मीरी महिलाओं के बारे में हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर की टिप्पणी निंदनीय है। यह दिखाता है कि आरएसएस का वर्षों का प्रशिक्षण एक कमजोर, असुरक्षित और दयनीय व्यक्ति की सोच को कैसा बना देता है।’ उन्होंने कहा, ‘महिला कोई संपत्ति नहीं है कि पुरुषों का उन पर स्वामित्व होगा।’
मनोहर लाल खट्टर ने अपने बयान पर दी सफाई
सियासी घमासान के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कश्मीरी लड़कियों के संबंध में दिए अपने बयान पर सफाई देते हुए शनिवार को कहा कि उनके इस बयान का गलत मतलब निकाला गया। खट्टर ने सोनीपत में एक कार्यक्रम के दौरान अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, ‘बेटियां सभी की एक समान होती हैं। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है।’
उन्होंने ट्विटर पर कार्यक्रम का पूरा वीडियो साझा करते हुए मीडिया पर अपने खिलाफ गुमराह करने वाले और तथ्यहीन अभियान चलाने का आरोप लगाया। खट्टर ने ट्वीट किया, बेटियां हमारा गौरव हैं। पूरे देश की बेटियां हमारी भी बेटियां हैं।