रियासत में नई सरकार को लेकर असमंजस अब भी बरकरार है। शुक्रवार को राज्यपाल ने भाजपा को सरकार गठन के लिए मांगी गई मोहलत समाप्त होने की याद दिलाई थी। इसके बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई।
माना जा रहा है कि मुफ्ती के चालीसवां में शामिल होने के लिए राम माधव 15 फरवरी को श्रीनगर आ सकते हैं। इस दौरान महबूबा से नई सरकार के गठन पर औपचारिक बातचीत भी हो सकती है। भाजपा हाईकमान ने राम माधव को बातचीत को अधिकृत किया है।
सूत्रों के अनुसार राम माधव का जम्मू के साथ ही श्रीनगर जाने का भी कार्यक्रम है। वह पीडीपी नेताओं से मुलाकात कर दोनों दलों में फिर से गठबंधन की राह बनाने का प्रयास करेंगे। राम माधव के दौरे के दौरान या इसके बाद दोनों दलों में औपचारिक बातचीत का रास्ता भी बनेगा।