आरएस पुरा। नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल पप्पी और एसडीएम राम लाल शर्मा के बीच वीरवार को कहासुनी हो गई। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नपा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने नारेबाजी कर अपना पक्ष रखा।
आरएस पुरा के नपा अध्यक्ष वीरवार दोपहर को उपाध्यक्ष किशोर कुमार और अन्य वार्ड पार्षदों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जब ये लोग कार्यालय के भीतर जाने लगे तो दरवाजे पर तैनात कर्मचारी ने उन्हें रोक दिया। कर्मचारी ने कहा कि वह पहले एसडीएम से अनुमति लेकर आएगा, उसके बाद लोगों को अंदर जाने देगा। इस पर नपा अध्यक्ष भड़क गए, और जबरदस्ती एसडीएम कार्यालय के भीतर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार दोनों के बीच इस बात को लेकर काफी कहासुनी हुई। इस दौरान नपा अध्यक्ष के समर्थन में उनके साथ आए पार्षदों ने नारेबाजी भी की। एसडीएम ने सभी को शांत कराया और अपनी गलती मानी। नपा अध्यक्ष ने बताया कि वह प्रोटोकॉल के हिसाब से अंदर आ रहे थे, लेकिन उनको रोक लिया गया। इस बारे में एसडीएम से बात कर मामला सुलझा लिया गया है। वहीं, एसडीएम ने कहा कि नपा अध्यक्ष को दरवाजे पर रोकना गलत था।