घगवाल में शही मेजर की आत्मा की शांती के लिए कैंडल मार्च निकालते हुए
- फोटो : SAMBA
सांबा/ घगवाल। जम्मू के पर्यटन स्थल पटनीटॉप से सटे देवदार के जंगल में आर्मी एविएशन कोर के चीता हेलीकॉप्टर के मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से जिले के घगवाल के बरदानी गांव के शहीद हुए मेजर रोहित कुमार के पैतृक गांव बरदानी घगवाल में सन्नाटा बना रहा। बुधवार शाम को ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाल कर शहीद को नमन किया व उनकी तस्वीर पर फूल अर्पित कर नम आंखों से श्रद्धांजली दी।
कैंडल मार्च घगवाल के टपयाल क्षेत्र से शुरू होकर उनके पैतृक गांव बरदानी तक निकाला गया। उसके पश्चात उनकी तस्वीर के आगे फूल अर्पित किए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि शहीद मेजर रोहित कुमार का जन्म तहसील घगवाल के बरदानी गांव में हुआ था। उनकी 10वीं तक की शिक्षा आर्मी स्कूल से हुई। उसके बाद वह जम्मू में रहने लगे। रोहित कुमार के दो बच्चे एक लड़का व एक लड़की है। शहीद रोहित के दादा व पिता कमल कुमार सहित उसका भाई भी सेना में है। जैसे ही उनके गांव में रोहित के शहीद का समाचार मिला। समूचा गांव शोक की लहर में डूब गया। शहीद की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।