जम्मू। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जम्मू कश्मीर इकाई ने आरएसएस लद्दाख नाम से बनाए फर्र्जी ट्विटर हैंडल और वायरल किए ट्वीट को देश विरोधी साजिश बताया और इसकी शिकायत साइबर पुलिस स्टेशन में की है।
संघ के जम्मू-कश्मीर प्रांत के प्रचार प्रमुख राजन जोशी ने कहा कि देश विरोधी साजिश के तहत आरएसएस को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ लोगों ने आरएसएस लद्दाख के नाम से फर्जी ट्विटर हैंडल दो जून को बनाया और तीन जून की शाम छह बजकर आठ मिनट पर इससे पहला ट्वीट किया गया। आरएसएस लद्दाख के नाम से संघ का कोई ट्विटर हैंडल नहीं है। संघ का देश में केवल एक ही आधिकारिक ट्विटर हैंडल है...आरएसएस ओआरजी।
जोशी ने कहा कि इस ट्वीट को पहली बार इकबाल अंसारी नाम के शख्स ने अमेरिका से रिट्वीट किया और बाद में इसे आगे बढ़ाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस ट्विटर हैंडल को जिस वीपीएन एड्रेस के जरिए चलाया जा रहा था वह पाकिस्तान से जुड़ा हुआ था। ऐसी जानकारी उन्हें जांच एजेंसियों के जरिए मिली है।