डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : FILE PHOTO
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कश्मीर घाटी के हंदवाड़ा घटना के बाद से उपजे हालात से निपटने में रियासती सरकार सक्षम है। केंद्र सरकार को रियासती सरकार की क्षमता पर कोई संदेह नहीं है।
जम्मू में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में शनिवार को पासपोर्ट मेले का विधिवत उद्घाटन करने के बाद डा. जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पाकिस्तान में भारतीय कैदी कृपाल सिंह की संदिग्ध हालात में मौत और परिजनों की शव वापसी की मांग पर कहा कि विदेश मंत्रालय ने कृपाल सिंह के मामले का संज्ञान लिया हुआ है।
उम्मीद है कि जल्द पाकिस्तान से शव भारत पहुंचेगा। पाकिस्तान से बातचीत पर विराम लगने संबंधी सवाल पर सिंह ने कहा कि यह मामला केंद्रीय विदेश मंत्रालय से संबंधित है। हालांकि उन्हें विश्वास है कि सही समय पर दोनों देशों के बीच वार्ता शुरू होगी।
पासपोर्ट मेले संबंधी सवाल पर सिंह ने कहा जम्मू में पासपोर्ट कार्यालय का दर्जा बढ़ाकर अब इसे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बना दिया गया है। लोगों को सरलता से व तय समयावधि में पासपोर्ट व वीजा मिले। इस कोशिश के तहत पासपोर्ट मेले का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विमर्श आर्यन भी मौजूद रहे।