जम्मू। कनाल रोड स्थित कॉमर्स कॉलेज के बाहर दो भाइयों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टक्कर के बाद आरोपी को ध्यान से बाइक चलाने को कहा तो वह फोन ले गया और पीछा करने पर साथी बुलाकर मारपीट की। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सुशांत ने बताया कि वह छोटे भाई के साथ बाल कटवाने के बाद नानी घर जा रहा था। गली में मोड़ते समय बाइक का इंडिकेटर दिया। इसी दौरान पीछे से युवक की बाइक से टक्कर हो गई। भाई ने युवक को ध्यान से बाइक चलाने को कहा तो वह भागने लगा। जब उसकी वीडियो बनाने लगा तो वह मोबाइल ले गया। आरोपी कॉमर्स कॉलेज के बाहर रुका और 10 से 15 लड़कों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।
सुशांत ने बताया कि बिजली की तार से भाई झुलस गया था। उसका हाल जानने के लिए दो दिन पहले ही मुंबई से आया था। पीड़ित की मां नीतू ने कहा कि उनके बेटे को बेरहमी से पीटा गया। वहीं नवाबाद थाने के एसएचओ विकास हंस के अनुसार एफआईआर दर्ज कर फुटेज की जांच की जा रही है।