सतवारी थाना के अंतर्गत एयरपोर्ट के नजदीक शुक्रवार को मेटाडोर चालक ने चालान कटने के डर से मेटाडोर भगा ली और जल्दबाजी में नाके पर खड़े ट्रैफिक कर्मी (हेड कांस्टेबल) केवल कृष्ण को टक्कर मार दी।
इस हादसे में केवल कृष्ण का पैर का अंगूठा फ्रेक्चर हो गया। मेटाडोर चालक घटनास्थल से मौका पाकर फरार हो गया। हादसा सुबह 11:30 बजे के करीब हुआ। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट के नजदीक नाका लगाया हुआ था।
ट्रैफिक पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल केवल कृष्ण भी मौके पर तैनात थे। इस दौरान मेटाडोर चालकों को रोककर उनके दस्तावेज चेक किए जा रहे थे। कि तभी चट्ठा से सतवारी की ओर आ रही एक मेटाडोर नाके के नजदीक पहुंची।
तभी हेड कांस्टेबल केवल कृष्ण ने मेटाडोर (जेके 02 क्यू 2245) को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पहले तो मेटाडोर की गति धीमी कर ली, लेकिन नजदीक आते ही चालक ने मेटाडोर आगे बढ़ा ली, मेटाडोर को रोकने के प्रयास में केवल कृष्ण की मेटाडोर से टक्कर हो गई और उनका एक पैर मेटाडोर के पीछे वाले पहिये के नीचे आ गया।
चालक घटनास्थल से फरार हो गया। अन्य साथियों ने केवल कृष्ण को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे केवल कृष्ण के पैर का अंगूठा फैक्चर हो गया। सतवारी पुलिस ने आरोपी मेटाडोर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।