सर्द हवाओं से पूरी रियासत ठिठुर रही है। कश्मीर में सोमवार को चिल्ले कलां शुरू होने के साथ अगले चालीस दिन कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
बर्फबारी के बीच देशभर से पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। घाटी के सभी हिस्सों में रात का पारा शून्य से नीचे चल रहा है। श्रीनगर-कारगिल, बांडीपुरा-गुरेज और सिंथन-किश्तवाड़ सड़क मार्ग यातायात के लिए बंद है।
इस बीच लेह न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिन तक मौसम साफ रहने के बावजूद सर्दी से राहत नहीं मिलेगी।
रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में दिन का पारा माइनस 0.2, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में 8.9, लेह में 3.1 और कारगिल में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू संभाग में जम्मू में दिन का पारा दो डिग्री गिरकर 19.5, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में चार डिग्री कम 15.5, भद्रवाह में पांच डिग्री कम 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बर्फबारी से फिसलन के चलते मुगल रोड पर रविवार शाम चार बजे के बाद वाहनों को आगे नहीं छोड़ा गया। सोमवार को मौसम साफ रहने पर सुबह 11 से शाम चार बजे तक वाहनों को आगे भेजने की अनुमति दी जाएगी।
स्थान न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 10.6
कारगिल माइनस 9.0
गुलमर्ग माइनस 7.8
पहलगाम माइनस 2.1
काजीकुंड माइनस 2.8
श्रीनगर माइनस 0.3
बनिहाल माइनस 1.3
भद्रवाह माइनस 1.0