दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में औद्योगिक क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने इस वर्ष के अंत तक पुलवामा-लस्सीपुरा और संगम-लस्सीपुरा की सड़कों का निर्माण पूरा होने की घोषणा की। यह दोनों सड़कें इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर (आईजीसी) की ओर जाती हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पुलवामा सर्कुलर रोड का भी निर्माण पूरा होने की घोषणा की, जिससे पुलवामा टाउन में ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। इस सड़क के निर्माण से शोपियां और मुगल रोड की ओर जाने वाला ट्रैफिक पुलवामा टाउन के बाहरी इलाके से गुजरेगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं अपने एक दिन के पुलवामा दौरे के दौरान की। उन्होंने आईजीसी लस्सीपुरा, जिला अस्पताल पुलवामा के अलावा गवर्नमेंट सेंट्रल स्कूल पुलवामा और चंदग्म का भी दौरा किया। उन्होंने जिले के व्यवसायियों के अलावा विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधिमंडलों से भी बातचीत की। आईजीसी लस्सीपुरा में उद्योगपतियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने वहीं पर चीफ इंजीनियर आरएंडबी को पुलवामा-लस्सीपुरा और संगम-लस्सीपुरा मार्ग को इस वर्ष के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आईजीसी लस्सीपुरा के लिए कन्वेंशन सेंटर, फायर स्टेशन और डिस्पेंसरी की भी घोषणा की ताकि वहां यूनिट चलाने वाले उद्योगपतियों को लाभ हो सके। मुख्यमंत्री ने आईजीसी की 1500 कनाल जमीन पर कब्जा वापस लेने के भी निर्देश दिए जिसका अतिक्त्रस्मण किया गया है। उन्होंने अगले दो महीने के भीतर वहां एक और रिसीविंग स्टेशन स्थापित करने को कहा। जिससे औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सही ढंग से बिजली दी जा सके। मेवा के बाजारों में स्पर्धा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवे की क्वालिटी पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार द्वारा मार्केट इंटरवेंशन स्कीम लागू करेंगे। मुख्यमंत्री ने आईजीसी का दौरा भी किया। इस दौरान उन्हें दो पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी दिखाई गई। आईजीसी लस्सीपुरा 2001 में शुरू किया गया था जिसमें इस समय 432 यूनिट होल्डर हैं। मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल का भी दौरा किया और जिला आयुक्त को कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।