मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद शनिवार को श्रीनगर में स्थित 92 बेस अस्पताल गए जहां उन्होंने उन पुलिसकर्मियों का हालचाल पूछा जो शुक्रवार को श्रीनगर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मिरगुंड इलाके में आतंकी हमले के दौरान घायल हुए थे।
मुफ्ती द्वारा इस आतंकी हमले की निंदा की गई और घायलों का इलाज करने वाले डॉक्टरों को उन्हें आधुनिक चिकित्सक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए ताकि वह समय पर स्वस्थ हो जाएं।
मुख्यमंत्री के समक्ष जीओसी 15 कोर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रता साहा, डीजीपी के. राजिंद्रा, आईजीपी कश्मीर जोन एसजेएम गिलानी, मुख्यमंत्री के सचिव एमएच मलिक, एसएसपी श्रीनगर अमित कुमार के अलावा अन्य कई अधिकारी थे।
गौरतलब है कि एसएचओ पुलिस पोस्ट पट्टन मोहम्मद सलीम समेत अन्य दो पुलिसकर्मी दिलशाद अहमद और मुश्ताक अहमद श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं जहां उनका इलाज जारी है।
अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने तीनों घायल पुलिस कर्मियों से बातचीत की और उनका हाल पूछा। इस दौरान एसएचओ पट्टन द्वारा उस पूरी घटना के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी जिस दौरान वह घायल हुए। घायलों के लिए उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई।
मुफ्ती ने एसएचओ की माता और पत्नी से भी मुलाकात की और उन्हें सहानुभूति दी। उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए आवश्यक सर्वोत्तम संभव स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी तीन घायल पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों को आश्वासन दिया।
एसएचओ सलीम अस्पताल के अधिकारियों की चौबीसों घंटे निगरानी में हैं, जबकि अन्य दो पुलिस अधिकारियों की हालत स्थिर है।