मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में जम्मू-कश्मीर हाउस की नींव रखी। चार मंजिला भवन में 24 कमरे होंगे। अति आधुनिक तरीके से बनाई जा रही इस बिल्डिंग को छह माह में पूरा किया जाएगा। वीरवार को हुए आयोजन के दौरान अधिकारियों ने सीएम को इस परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बताया कि इस परियोजना को 1.28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। नींव पत्थर रखने के बाद मुफ्ती ने अन्य गेस्ट हाउस के विभिन्न ब्लाकों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने रसोई के किटों के अलावा कमरों में लगे बिस्तरों को बदलने तथा अन्य सुविधाएं लागू करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गेस्ट हाउस में इलाज करवाने आए लोगों को सभी तरह की सहायता देने की बात भी कही।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में मुंबई, चंडीगढ़ और अमृतसर के शहरों में राज्य के संपत्तियों की स्थिति की समीक्षा बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर परिवहन एवं लोक निर्माण राज्य मंत्री सुनील कुमार शर्मा, वित्तीय आयुक्त केबी अग्रवाल, प्रिंसिपल रेजिडेंट कमिश्नर आरके गुप्ता, प्रधान सचिव रोहित कंसल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।