मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पीडीपी-भाजपा विधायकों व विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) से बजट सत्र में सकारात्मक रवैये के साथ विपक्ष का सामना करने को कहा है। मुख्यमंत्री निवास पर शनिवार को रात्रि भोज पर पीडीपी-भाजपा विधायकों की साझा बैठक में मुख्यमंत्री ने गठबंधन के विधायकों से कहा कि वह सरकार की उपलब्धियों को गिनाएं और एकजुट रहें।
उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह व मंत्रियों की मौजूदगी में करीब एक घंटी चली बैठक में विधानसभा सत्र के लिए विपक्ष के गर्म तेवरों को देखते हुए सकारात्मक बने रहने का निर्णय लिया गया। यह भी तय किया गया कि सत्र ज्यादा समय तक चले इसकी कोशिश करनी है। विपक्ष के उकसावे में कतई नहीं आना है।
विपक्ष की सदन बाधित करने की कोशिशों का डंटकर मुकाबला करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र सुचारु रूप से चले और सदन की मर्यादा भी बनी रहे इसके लिए सत्तापक्ष के विधायकों को पूरा ध्यान रखना होगा। सदन चले सत्तापक्ष इसी रवैये के साथ सदन में जाए ताकि जनता से जुड़े मसलों पर चर्चा हो सके।