राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में किसी भी धर्म का मुख्यमंत्री बन सकता है। उनका कहना है कि जिस पार्टी के पास बहुमत हो वह अपनी पसंद का मुख्यमंत्री बना सकती है। आजाद की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने ऐसा कभी नहीं कहा कि हिंदू सीएम नहीं बन सकता।
बल्कि उन्हें तो खुशी होगी अगर किसी दूसरे धर्म का जम्मू कश्मीर में मुख्यमंत्री बनता है। उनका कहना है कि भाजपा और संघ परिवार सोची समझी रणनीति के तहत ऐसे मामले में उनकी छवि खराब कर निहित स्वार्थ सिद्ध करना चाहती है। उनका कहना है कि भाजपा अपने साथ जुड़े संगठनों के माध्यम से अफवाहें फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है।
केंद्र में सत्तासीन होने से पहले भी भाजपा ने अफवाहों का बाजार गर्म रखा। सत्ता में आने के बाद संवेदनशील सियासी मुद्दों पर वह चुप्पी साधे बैठी है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को प्राकृतिक भ्रष्ट पार्टी कहते रहे, लेकिन सत्ता के लिए हाथ मिला लिया।