जम्मू। क्लस्टर विश्ववविद्यालय में विभिन्न कोर्सेज में प्रवेश के लिए क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू एंट्रेस टेस्ट (सीएलयूजेईटी) 19 जून को होगा। इसके जरिये पांच वर्षीय यूजी-पीजी, एमएड, तीन वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड, एमएड कार्यक्रम में एडमिशन लिया जा सकेगा।
टेस्ट सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा। परीक्षा के लिए केंद्र कनाल रोड स्थित जीजीएम साइंस कॉलेज को बनाया गया है। क्लस्टर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रणविजय सिंह के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को टेस्ट शुरू होने से एक घंटा पहले सुबह नौ बजे तक केंद्र में रिपोर्ट करना होगा। इससे पहले उन्हें लॉगिन आईडी से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने होंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर दिए गए आवश्यक निर्देश पढ़ने की सलाह दी है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में दिक्कत आ रही है तो वह इस संबंध में जानकारी तुरंत परीक्षा नियंत्रक कार्यालय स्थित आईटी सेल को दें। इसके लिए आवेदन फॉर्म भरने का प्रूफ देना होगा।