जम्मू। जम्मू-कश्मीर में साफ मौसम के साथ पारे में लगातार उछाल आ रहा है। राजधानी जम्मू में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री चढ़कर 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के साथ रात में तपिश का अहसास बढ़ा है। इसमें विभिन्न जिलों में तापमान सामान्य से 9 से 12 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहने से गर्मी बढ़ेगी।
जम्मू में मंगलवार की दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ तपिश का अहसास बढ़ा। दोपहर को सीधी धूप में पसीने छूट रहे थे। गर्मी बढ़ने से बाजार पर भी असर दिखने लगा है। अब लोग जरूरी खरीदारी के लिए दोपहर बाद बाहर निकल रहे हैं। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.5 डिग्री चढ़कर 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री चढ़कर 30.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बटोत में दिन का तापमान 25.8, बनिहाल में 25.0, भद्रवाह में 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का तापमान 23.8, पहलगाम में20.6 और गुलमर्ग में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.2 और कारगिल में माइनस 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।