रियासी। लंबित मांगों के समर्थन में 15 दिन से हड़ताल पर रहे सफाई कर्मी काम पर लौट आए हैं, जिसके बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। हड़ताल स्थगित होने के बाद शाम को उन्होंने नगर के बस अड्डे के आसपास सफाई की है।
गौरतलब रहे कि पंद्रह दिन से हड़ताल के चलते हुए नगर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए थे, जिस कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया था। मंगलवार दोपहर को काउंसिल के चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी ने बताया कि हाईकमान के साथ हुई बैठक के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौटने के लिए तैयार हुए हैं। विभाग में कार्यरत नियमित सफाई कर्मचारियों की मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।