हाई स्कूल का छात्र उमर निस्सार
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले का त्राल इलाका जो आतंकियों का गढ़ माना जाता है और आए दिन घटनाओं के लिए सुर्खियों में रहता है, आज किसी और कारण से पहचान बनाने लगा है। इस बार यह इलाका आतंकी घटना नहीं, बल्कि उससे अलग गौरवान्वित करने वाली वजह से बन रही। इसका श्रेय दसवीं के छात्र को जाता है, जिसने एंड्रायड रेडियो एप्प तैयार की है।
त्राल के सरकारी हाई स्कूल का छात्र उमर निस्सार (15 वर्ष) ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो बड़े बड़े कंप्यूटर प्रोग्रामर भी कई बार सफलतापूर्वक नहीं कर पाते हैं। खास बात यह कि इस छात्र ने बिना किसी प्रोफेशनल ट्रेनिंग यह कमाल कर दिखाया है। उमर की मानें, तो उसके इलाके में कई बार प्रदर्शनों, आतंकी गतिविधियों आदि के बावजूद वह स्कूल जाता रहा।
उसने बताया कि यू-ट्यूब आदि का प्रयोग कर यह एंड्रायड रेडियो एप्प बनाने के लिए प्रोग्रामिंग और कोडिंग खुद सीखी। और करीब आठ महीनों की कड़ी मशक्कत के बाद वह अपना सपना साकार करने में कामयाब हुआ। जिसका नाम दिया पन्नुन एफएम इंटरनेशनल। उमर के अनुसार पन्नुन का कश्मीरी शब्द है, जिसका मतलब होता है अपना। यह नाम इसलिए चुना, क्योंकि यहां के युवाओं और कश्मीरी संस्कृति को बढ़ावा देना चाहता था।
उमर ने कहा कि यह एप्प गुगल प्ले स्टोर पर से डाउनलोड की जा सकती है। इसकी अपनी एक वेबसाइट www.pannunfm.in भी है। उसके अनुसार यह यहां के युवाओं के लिए प्रेरणा के तौर पर साबित हो सकती है। फिलहाल इस एफएम पर दैनिक जीवन से संबंधित कार्यक्रमों के अलावा स्कूली छात्रों की समस्याओं से जुड़े कार्यक्रम आदि पेश किए जाते हैं।
उमर के पिता ट्रैक्टर चालक हैं। रोज़ी रोटी चलाने के लिए उनके पास सेब का एक बगीचा भी है। ब्रॉड कास्ट जर्नलिस्ट बनने का सपना रखने वाला उमर अभी आर्थिक दिक्कतों के चलते आधुनिक तकनीक वाले कंप्यूटर नहीं ला पाया है। लेकिन, उसे उम्मीद है कि भविष्य में वह एक अच्छा स्टूडियो बनाएगा, जहां से उसके सपनों को पंख लगेंगे और परवाज भरेगा।