श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर विद्यालयी शिक्षा बोर्ड (जेकेबीओएसई) ने कक्षा 10वीं की वार्षिक-2025 (अक्तूबर-नवंबर सत्र) की परीक्षा तिथि जारी कर दी है। परीक्षा तीन नवंबर से 27 नवंबर के बीच एक पाली में पूर्वाह्न 11 से दोपहर में 2 बजे तक संपन्न होगी। कश्मीर, जम्मू संभाग और लद्दाख के करीब 95 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंंगे।
बोर्ड की ओर से जारी टाइम टेबल के मुताबिक गणित विषय की परीक्षा तीन नवंबर और सात नवंबर को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। विज्ञान विषय की परीक्षा 11 नवंबर और अंग्रेजी की परीक्षा 14 नवंबर को होगी। उर्दू/ हिंदी के पेपर 17 नवंबर को, कंप्यूटर विज्ञान का 19 नवंबर को और व्यावसायिक विषयों की परीक्षा 21 नवंबर को संपन्न होगी।
गृह विज्ञान जैसे कम परीक्षार्थियों वाले विषय की परीक्षा 23 नवंबर, संगीत 25 नवंबर और कश्मीरी/ डोगरी/ भोटी/ पंजाबी/ अरबी/ उर्दू/ हिंदी/ फारसी/ संस्कृत जैसे अतिरिक्त/ वैकल्पिक विषय की परीक्षा 24 नवंबर को होगी। 27 नवंबर को चित्रकला/ कला और ड्राइंग विषय के प्रश्नपत्र के साथ परीक्षा समाप्त होगी।