-जैन बाजार का मामला, पुलिस पर लगाया पक्षपात का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पारिवारिक विवाद में दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। इस मारपीट में एक पक्ष पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया गया है। विवाद में घायल एक युवक अस्पताल में भर्ती है। पक्का डंगा पुलिस स्टेशन में दोनों तरफ से शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। हालांकि इसमें एक पक्ष ने पुलिस पर दूसरे पक्ष का साथ देने का आरोप लगाया है। मामला शहर के जैन बाजार का है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन और संपत्ति का पुराना विवाद है। अदालत में भी मामला विचाराधीन है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार इस विवाद में जैन बाजार का रहने वाला साहिल वर्मा घायल है। साहिल की मां नीशा वर्मा का कहना है कि दूसरे परिवार के लोगों ने शनिवार की रात साहिल की पीठ पर तेजाब फेंक दिया। बताया कि परिवार के साथ अदालत में भी केस चल रहा है और केस हमारे हक में हुआ है। वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास गए थे। जहां सुनवाई नहीं हुई। इस पर दूसरे पक्ष का कहना है कि ऐसा कुछ हुआ नहीं। यदि ऐसा होता तो कहीं तो तेजाब के निशान मिलते। उल्टा नीशा वर्मा के परिवार ने उनके घर आकर मारपीट की। पक्का डंगा के एसएचओ राकेश सिंह का कहना है कि दोनों परिवारों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पक्षपात के आरोप बेबुनियाद हैं।