सांबा। समलाह पंचायत के बेडियां वार्ड के मोहल्ले के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। न तो आने जाने के लिए मार्ग है न ही पेयजल की सुविधा है। आज भी लोग दूर दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। बेडियां वार्ड के मोहल्ला की नीता देवी, आशु देवी, राजेश सिंह, तारा चंद ने बताया कि सांबा कस्बा से चार किलोमीटर की दूरी पर उनका मोहल्ला है। न तो आने जाने के लिए मार्ग है और न ही पेयजल की सुविधा है। उनके गांव में आज तक जलशक्ति विभाग की ओर से पाइपें ही नही बिछाई गई हैं। इसके चलते उन्हें पेयजल की भारी परेशानी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके गांव में एक हैंडपंप लगाया गया था जो गत कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है। अब उन्हें दूर दराज से पानी लाना पड़ रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद भी उन्हें पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। उनका कहना था कि उन्हें आने-जाने के लिए मार्ग तक की सुविधा नही है, वह लोग एक नाले से होकर अपने मोहल्ले को आते-जाते हैं। बरसात के दिनों में उन्हें आने-जाने की दिक्कतें बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि वह डीसी सांबा को भी अपनी समस्या से अवगत करवाएंगे।
टेंडर खुलने के बाद काम शुरू होगा
मोहल्ले में पेयजल के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। इसके लिए टेंडर भी किए गए हैं। अब टेंडर खुलने के बाद ही काम होगा।
- कर्ण सिंह, जूनियर इंजीनियर जलशक्ति विभाग सांबा