जम्मू। वार्ड-19 के अंतर्गत वेयर हाउस के साथ लगते सुंदर मोहल्ले में डंपिंग साइट में लगे कचरे के ढेर को नगर निगम ने उठा लिया है। तवी पार्क के साथ काफी दिनों से यहां कचरा फेंका जा रहा था। इससे उठने वाली दुर्गंध से लोगों को परेशानी हो रही थी। मोहल्ले के किनारे डंपिग साइट में भी कचरा बिखरा पड़ा था।
अमर उजाला ने प्रमुखता से समस्या को उठाया, जिसके बाद हरकत में आए नगर निगम के अधिकारियों ने डंपिंग साइट से कचरा उठा लिया है। साथ ही गलियों और सड़क की भी सफाई करवाई है। तवी पार्क के किनारे कचरा उठाया गया है। नगर निगम ने लोगों को खुले में कचरा न फेंकने की हिदायत दी है। इंस्पेक्टर सन्नी खोखर ने बताया कि कचरे को उठा लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोग मोहल्ले को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें, ताकि अनुकूल वातावरण मिल सके।