नगर के साथ लगते एमईएस के डिपो में पानी साफ करने के लिए रखे गए क्लोरीन गैस सिलेंडर के लीक होने से वार्ड नंबर 10 के 50 लोग बीमार हो गए। गैस लीक होने से लोग बेहोश होने लगे तो उन्हें तुरंत उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सुंदरबनी के एमईएस वाटर प्वाइंट पर पानी साफ करने के लिए रखे गए क्लोरिन गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। गैस के कारण जब लोग अचेत होने लगे तो सिलेंडर में लीकेज की जानकारी हुई। आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई। ज्यादातर लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया। कुछ लोग क्षेत्र से बाहर भी निकल गए थे।
सूचना मिलने पर गैस के रिसाव को बंद करने की कोशिश की गई, लेकिन, काफी देर तक रिसाव होता रहा। गैस रिसाव से मोहित गुप्ता, शिव, सौरभ सिंह, विशाल, सुषमा, विरेंद्र, पविंद्र, कुलदीप, शिवानी, रमनवीर सिंह, खुर्शीद, संजीव, रितेश, माधव, कार्तिकेय, रेखा रानी, अर्जुन, कुलदीप राज, अंचल, अभि कुमार, कर्ण कुमार, अतुल गुप्ता, प्रीती शर्मा, अशोक कुमार, नंदनी, मंजू बाला, सिकेंद्र कुमार, सुखदेव शर्मा बीमार हो गए। देर शाम तक कुछ और लोग भी अस्पताल में पहुंच रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।