कश्मीर में सर्दियों के सबसे मुश्किल दिनों के रूप में जाने जाने वाले चालीस दिनों के चिल्ले कलां का दौर आज से शुरू होगा और कड़ाके की ठंड से गुजरना पड़ेगा। वहीं सोमवार को चिल्ले कलां के पहले ही दिन उत्तरी कश्मीर और केंद्र शासित लद्दाख के कई हिस्सों में हल्की से सामान्य बर्फबारी हो सकती है। जम्मू संभाग में मौसम साफ बना रहेगा।
चिल्ले कलां सोमवार से शुरू हो रहा है। इन 40 दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ती है। जलस्रोत जमने लगते हैं। जनजीवन दूभर हो जाता है। पीने के पानी के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ती है। इन 40 दिनों के बाद घाटी में बीस दिन का चिल्ले खुर्द और दस दिन का चिल्ले बच्चा होगा। कश्मीर में सर्दी के मौसम को कुछ इन नामों से स्थानीय लोग पुकारते हैं।
वहीं रविवार को जम्मू संभाग में तेज धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि, कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। कारगिल में न्यूनतम पारा माइनस 20 डिग्री पर पहुंच गया है। कश्मीर के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान माइनस में रहा।
श्रीनगर जिले में न्यूनतम तापमान माइनस 6.2, पहलगाम में माइनस 7.7, गुलमर्ग में माइनस 7.5, कुपवाड़ा में माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लेह जिले में न्यूनतम तापमान माइनस 15.0 रहा। जम्मू संभाग के जम्मू जिले में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम तापमान 4.2 रहा।
कटड़ा में अधिकतम तापमान 18.7 और न्यूनतम तापमान 5.8 रहा। भद्रवाह में अधिकतम तापमान 12.3 और न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तरी कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की से सामान्य बर्फबारी हो सकती है।