मंडी तहसील में बुधवार को करंट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे मंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोग इस हादसे के लिए विभाग को जिम्मेदार बताते हुए विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम करीब पांच बजे गांव बुराड़ी निवासी मो. नजीर का पुत्र ताहिर घर से गांव की दुकान पर कुछ सामान लेने जा रहा था तभी रास्ते में खंभे से टूट कर गिरे बिजली के तार की चपेट में वह आ गया।
वह तार से चिपक गया और कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई। बच्चे को करंट लगता देख पास मौजूद जुबेदा बेगम (41) उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी तो उसे भी जोरदार झटका लगा और वह पास पडे़ पत्थर पर जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस हादसे का पता लगने पर दर्जनों ग्रामीण एकत्र हो गए और मृतक बच्चे के शव को सड़क पर रख कर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन इस प्रकार के हादसे होते रहते हैं।
जब कभी कोई तार टूट जाता है तो उसे कई हफ्तो तक ठीक करने कोई नहीं आता है। प्रदर्शनकारियों ने इस हादसे की जांच की मांग करते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया।