एशिया, ग्रीन बेल्ट, ज्यूल चौक तथा सतवारी चौक में कार के आगे अचानक आकर भीख मांगने वाले बच्चे शुक्रवार को शहर में नजर नहीं आए। अनुमान लगाया जा रहा है कि वीरवार को संदिग्ध बुजुर्ग दंपति को पुलिस के हवाले करने के बाद गिरोह के सदस्य सतर्क हो गए हैं।
मामला ताजा होने के कारण बच्चों को सड़क पर भीख मांगने के लिए उतारा नहीं गया है। ऐसा भी माना जा रहा है कि इन बच्चों की लोकेशन बदल दी गई हो। फिलहाल पुलिस ने बुजुर्ग दंपति से पूछताछ की और बच्चों की तलाश की जा रही है।
बच्चों से जबरन भीख मंगवाने के मामले में नेहरू मार्केट पुलिस ने वीरवार को एशिया चौक के पास से बुजुर्ग दंपति को पकड़ा था। वीरवार देर शाम तक पूछताछ की गई। फिर अंधेरा होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था और शुक्रवार को दोबारा से बुलाया गया।
शुक्रवार को करीब एक घंटे तक पूछताछ के बाद भी बुजुर्ग दंपति ने बच्चों से कोई नाता नहीं होने की बात कही है। पुलिस को इस बात पर तो शक है कि बच्चे झूठ नहीं बोल सकते हैं, लेकिन जब तक बच्चे नहीं मिल जाते हैं, तब तक कोई कुछ कहा भी नहीं जा सकता है। फिलहाल पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी है और दंपति को भेज दिया गया है। शुक्रवार को अधिकतर चौक-चौराहों पर भीख मांगने वाले बच्चों नजर नहीं आए।