राज्य के मुख्य सचिव इकबाल खांडे ने बुधवार को हाल ही में अधिसूचित नई भर्ती नीति के तहत राज्य में भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार द्वारा अधिसूचित नई भर्ती नीति की घोषणा के बाद सभी प्रशासनिक सचिवों की ओर से कुछ कदम उठाए गए हैं।
लिहाजा वह उनके संबंधित विभागों में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी अगले एक महीने के भीतर जम्मू कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) को देंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि वह सभी संबंधित विभागों द्वारा अगस्त तक एसएसबी को रिक्तियों की जानकारी भेजने को सुनिश्चित करने के लिए पाक्षिक स्थिति की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में एसएसबी को मजबूत करने के लिए जिन सदस्यों को तैनात किया गया था उन्होंने ज्वाइन कर लिया है और उम्मीद जताई कि यह नई नीति में परिकल्पित भर्ती प्रक्रिया अब तेजी से शुरू होगी। जैसे ही रिक्तियां एसएसबी को भेजी जाती हैं तो भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के भीतर 3 महीने की अवधि है और उम्मीद है कि इन रिक्तियों को इस वर्ष नवंबर तक पूरी तरह भरा जाएगा।
मुख्य सचिव ने एसएसबी के अध्यक्ष को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि प्रत्येक सदस्य को भर्ती के लिए एक विशिष्ट जिला सौंपा जाए। नई नीति के तहत भर्ती केवल सभी प्रक्रियागत औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद एसएसबी (गैर-राजपत्रित पद) और पीएससी (राजपत्रित पद) के माध्यम से की जाएगी। सभी नियुक्तियां तिथि के आधार पर होंगी।