श्रीनगर के पुराने शहर में सोमवार को मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का काफिला गुजरते ही कुछ युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया।
युवकों ने आजादी के हक में नारे भी लगाए। हालांकि, पथराव में किसी को चोट नहीं पहुंची। पथराव होते ही अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
तुरंत सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालकर युवाओं को खदेड़ा। इस दौरान युवाओं तथा सुरक्षा बलों के बीच झड़प भी हुई। मुख्यमंत्री नौहट्टा इलाके में एक सामुदायिक भवन का उद्घाटन करने गए थे।
जब उनका काफिला राजोरी कदल स्थित गनी मेमोरियल स्टेडियम पहुंचा तो 10-15 युवकों के समूह ने आजादी के हक में नारे लगाने शुरू कर दिए।
इसके बाद जब उनका काफिला गोजवारा चौक से गुजरा तो युवाओं के एक अन्य समूह ने सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का काफिला जब चौक से गुजर गया तो ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा बलों को लक्ष्य बनाकर युवाओं ने पत्थर बरसाए। पथराव में कोई घायल नहीं हुआ है।