मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गवर्नर एनएन वोहरा से मुलाकात की
- फोटो : Amar Ujala
एलओसी पर तनाव के बीच मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गवर्नर एनएन वोहरा से मुलाकात कर रियासत के अंदरूनी हालात की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री और गवर्नर ने नौशेरा में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान की चौकियों को तबाह किए जाने के बाद की स्थिति पर मंत्रणा की।
महबूबा ने गवर्नर को एलओसी पर आतंकियों द्वारा घुसपैठ की कोशिशों और पाकिस्तान द्वारा सीजफायर के उल्लंघन से रिहायशी इलाकों में नुकसान पर विस्तृत ब्योरा दिया। नौशेरा में पहले पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में विस्थापित हुए लोगों के लिए राहत कैंप बनाने और कैंपों में उपलब्ध कराई सुविधाओं के बारे में भी सीएम ने गवर्नर को जानकारी दी।
राज्यपाल ने कश्मीर घाटी में छात्रों द्वारा पत्थरबाजी और शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई बाधित होने पर चिंता जाहिर की। उन्होंने महबूबा से पठन-पाठन प्रभावित नहीं होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इससे पहले गवर्नर इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी और सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठकें कर चुके हैं।
गवर्नर ने एक दिन पहले कश्मीर के आईजी मुनीर खान को भी शिक्षण संस्थानों में शांतिपूर्ण माहौल और पढ़ाई के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए थे। सीएम और गवर्नर की मुलाकात में रियासत में कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा के साथ ही केंद्रीय और राज्य विकास परियोजनाओं को समय पर लागू करने पर चर्चा हुई।