जम्मू-कश्मीर के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी और कॉमनवेल्थ चेस चैंपियनशिप के अंडर-18 के स्वर्ण पदक विजेता जम्मू के सोहम कमोत्रा ने ओपन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में पहले स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया है। सोहम ने छह राउंड में अपराजित रहे और छह अंक अर्जित कर विजेता बने। एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन अमर उजाला की ओर से जम्मू-कश्मीर चेस एसोसिएशन के सहयोग से किया गया था, जिसमें 36 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रविवार को शहर के गुम्मट स्थित नेक होटल में प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को छह राउंड खेलने का मौका मिला। ओपन वर्ग में सोहम सभी छह राउंड जीतकर छह अंक हासिल करते करने के साथ पहले स्थान पर रहे। दूसरे स्थान पर सुमित ग्रोवर रहे, जिन्होंने पांच राउंड में सफलता हासिल की। तीसरे स्थान पर अग्रिम पंडोत्रा रहे, उन्होंने 4.5 अंक हासिल किए।
महिला वर्ग में 2.5 स्कोर के साथ अश्विना रैना पहले स्थान पर रहीं। सर्वश्रेष्ठ वेटरन का पुरस्कार एसपी शर्मा को मिला। उन्होंने छह से में पांच मुकाबले अपने नाम किए। गुरफतेह सिंह को अंडर-11 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने 3.5 स्कोर किया। पानचे गुप्ता को अंडर-15 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जिन्होंने चार का स्कोर किया।
प्रतियोगिता में जम्मू के साथ-साथ कठुआ और सांबा जिले के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। सुबह नौ बजे प्रतियोगिता शुरू हुई, जो दोपहर दो बजे तक चली। जम्मू-कश्मीर चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों को मंच देने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की थी। विजेता को तीन हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहे खिलाड़ी को दो हजार और तीसरे स्थान वाले को एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं, सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी को एक हजार रुपये, वेटरन विजेता को एक हजार रुपये, अंडर-11 के विजेता को एक हजार रुपये और अंडर-15 के विजेता को एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
सोहम नौ साल से खेल रहे हैं चेस
जम्मू विश्वविद्यालय में बीए के छात्र सोहम कमोत्रा ने 2022 में श्रीलंका में हुई कॉमनवेल्थ चेस चैंपियनशिप के अंडर-18 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। शहर के मोती बाजार निवासी सोहम ने बताया कि नौ साल से चेस खेल रहा हूं। अप्रैल 2022 में तमिलनाडु में हुई अंडर-18 नेशनल चैंपियनशिप जीती थी। वहीं, इंडोनेशिया में हुई एशियन अंडर-18 में कांस्य पदक जीता था। सोहम ने बताया कि परीक्षा तक वह किसी भी चैंपियनशिप में भाग नहीं ले रहे हैं। जून-जुलाई में होने वाली चैंपियनशिप में भाग लेंगे।