अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एआईसीएफ फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में पंजाब के माधवांश मित्तल चैंपियन बने। रोमांचक मुकाबले में माधवांश मित्तल और जम्मू-कश्मीर के अरविंदु शर्मा के बीच मैच बराबर रहा, लेकिन टाई ब्रेकर नियमों के तहत मित्तल विजेता और शर्मा उपविजेता चुने गए। प्रतियोगिता में पांच से ज्यादा खिलाड़ियों ने फिडे रेटिंग हासिल की।
इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल सुंजवां व ऑल जम्मू-कश्मीर चेस एसोसिएशन ने स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। इसमें दस राज्यों से 142 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पंजाब की दीपका बत्रा को तीसरा स्थान मिला। एसपी शर्मा सर्वश्रेष्ठ वेटनर, अलंकृता शर्मा सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, आर्यन राज बाली सर्वश्रेष्ठ अंडर-19, जबकि दिल्ली के सारांश को सर्वश्रेष्ठ अंडर-15 का पुरस्कार मिला। लक्षित पुसरी सर्वश्रेष्ठ अंडर-13, पझानी कोहली सर्वश्रेष्ठ अंडर-11, इश्वम क्वात्रा को सर्वश्रेष्ठ अंडर-9 का पुरस्कार मिला।
विशेष अतिथि प्रिंसिपल आईडीपीएस स्कूल रणदीप वजीर ने विजेताओं के बीच ट्रॉफी और नकद पुरस्कार वितरित किए। अतुल कुमार गुप्ता संयुक्त सचिव एआईसीएफ और कार्यकारी अध्यक्ष एजेकेसीए, बलदेव राज अध्यक्ष एजेकेसीए, आईडीपीएस स्कूल प्रबंधक मधु अबरोल उपस्थित थे। पंजाब के अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ वरुण कुमार आयोजन के मुख्य मध्यस्थ थे, जबकि जम्मू-कश्मीर के आरुषि कोतवाल और गुजरात के नीरज पटेल उप मध्यस्थ रहे। ब्यूरो