जम्मू कश्मीर में सरकार के खिलाफ दवा विक्रेताओं का विरोध प्रदर्शन हड़ताल के दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान जम्मू संभाग के आर एस पुरा में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अस्पतालों में पहले से को-आपरेटिव की दुकानें हैं। यदि निजी कंपनी की दुकानें खोली गईं, तो इसका बुरा असर पड़ेगा।
उनका कहना था कि कंपनी को फायदा दिलाने के लिए राज्य सरकार किसी भी कीमत पर उसकी दुकानें खोलने पर आमादा है। इस मनमानी को सहन नहीं किया जाएगा। दूसरे दिन भी मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों को दवा के लिए दरबदर होना पड़ा। अस्पताल में रोगियों को लिखी दवाइयां जरूर मिल रही हैं, लेकिन मेडिकल स्टोर में दवाइयां नहीं होने से तीमारदारों को परेशान होना पड़ा।
मरीज का उपचार करवाने अस्पताल पहुंचे रोशन लाल, जय सिंह, अजीत सिंह आदि का कहना है कि आरएस पुरा अस्पताल में मेडिकल स्टोर जरूर खुला हुआ है, लेकिन वहां सभी दवाइयां नहीं मिलीं। कसबे में सभी मेडिकल स्टोर बंद रहे, इससे उनको परेशान होना पड़ रहा है।